बाराबंकी शहर के लिए हर्ष का विषय है कि मोहन नगर निवासी आदर्श सिंह ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के पर्यावरण अभियांत्रिकी प्रभाग से पीएचडी पूर्ण कर डॉक्टर की उपाधि प्राप्त की है। उन्होंने प्रो. अशोक कुमार गुप्ता और प्रो. अमित भटनागर के मार्गदर्शन में अपना शोध कार्य किया।उनका शोध अपशिष्ट जल में मौजूद औषधीय प्रदूषकों को हटाने के लिए जैविक उपचार और प्रकाश-आधारित उत्प्रेरक तकनीक (फोटोकैटलिसिस) के संयोजन पर केंद्रित रहा। यह कार्य अपशिष्ट जल के बेहतर उपचार और उसके पुनः उपयोग की दिशा में योगदान देता है।उनकी प्रारंभिक शिक्षा सिविल लाइंस स्थित सेंट एंथोनीज़ सीनियर सेकेंडरी स्कूल से हुई, जहाँ अध्ययन के प्रति उनकी रुचि के बीज पड़े, जो आगे चलकर उच्च शिक्षा और शोध के प्रति लगन में विकसित हुए। उन्होंने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), हमीरपुर से पर्यावरण अभियांत्रिकी में एमटेक तथा कृष्णा इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (केआईईटी), गाजियाबाद से बीटेक किया है।वह भविष्य में देश के उच्च शिक्षण एवं शोध संस्थानों से जुड़कर शोध और शिक्षण कार्य करना चाहते हैं।






